
- कम्युनिटी वेलफेयर के तहत वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एके द्विवेदी 23 फरवरी से 2 मार्च तक कर रहे हैं आयोजन
- निःशुल्क सीबीसी जांच और होम्योपैथी दवा का किया जाएगा वितरण
इंदौर | कम्युनिटी वेलफेयर के तहत एनीमिया (रक्ताल्पता) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एके द्विवेदी द्वारा एनीमिया जागरूकता रथ का आयोजन किया जा रहा है। एडवांस्ड होम्यो-हेल्थ सेंटर एवं होम्योपैथिक मेडिकल रिसर्च प्रा.लि. के बैनर तले यह विशेष अभियान 23 फरवरी से शुरू होगा जो 2 मार्च तक इंदौर जिले में संचालित होगा। इस अभियान का उद्देश्य 5 लाख महिलाओं तक एनीमिया के प्रभावों और बचाव की जानकारी पहुंचाना है। जागरूकता रथ की शुरुआत के लिए 23 फरवरी को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9.30 बजे मयंक अपार्मटमेंट, मनोरमागंज गीताभवन रोड, इंदौर स्थित एडवांस्ड होम्यो-हेल्थ सेंटर एवं होम्योपैथिक मेडिकल रिसर्च सेंटर पर होगा। जहां मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी, विशिष्ठ अतिथि शिक्षाविद शोभा ताई पैठनकर, विशेष अतिथि पार्षद विजयलक्ष्मी अनिल गौहर और मनोचिकित्सक डॉ. वैभव चतुर्वेदी रथ को हरी झंडी दिखाकर भ्रमण के लिए रवाना करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एके द्विवेदी करेंगे।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के वैज्ञानिक सलाहकार मंडल (सीसीआरएच) के वरिष्ठ सदस्य और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कार्य परिषद सदस्य तथा एडवांस्ड होम्यो-हेल्थ सेंटर एवं होम्योपैथिक मेडिकल रिसर्च प्रा.लि. के संचालक डॉ. एके द्विवेदी के अनुसार इस अभियान के तहत चिकितिसा छात्र-छात्राएं घर-घर पहुंचकर महिलाओं को एनीमिया से जुड़ी समस्याओं, लक्षणों और रोकथाम के उपायों की जानकारी देंगे। साथ ही, निःशुल्क रक्त जांच (सीबीसी) एवं होम्योपैथी दवा वितरण भी किया जाएगा। साथ ही गुड-चने का वितरण भी किया जाएगा। डॉ. द्विवेदी ने बताया कि एनीमिया एक गंभीर समस्या है जो महिलाओं में कमजोरी, चक्कर आना, थकान और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। उचित पोषण, आयरन युक्त आहार और समय पर चिकित्सा परामर्श से इसे रोका जा सकता है। यह अभियान फरवरी के अंतिम रविवार से मार्च के पहले रविवार तक प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस वर्ष यह जागरूकता रथ पूरे इंदौर जिले में विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को एनीमिया के प्रति जागरूक करेगा और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करेगा।
एनीमिया क्या है?
डॉ. एके द्विवेदी के अनुसार एनीमिया एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। हीमोग्लोबिन वह प्रोटीन है जो लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाता है और शरीर के विभिन्न अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य करता है। जब शरीर में आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन B12 और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, तो एनीमिया विकसित हो सकता है।
एनीमिया के प्रकार
डॉ. द्विवेदी के अनुसार एनीमिया कई प्रकार का हो सकता है, जो इसके कारणों और प्रभावों के आधार पर विभाजित किया जाता है। प्रमुख रूप से आयरन की कमी से होनाला वाला एनीमिया (Iron Deficiency Anemia), मेगालोब्लास्टिक एनीमिया, एप्लास्टिक एनीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोलाइटिक एनीमिया, थैलेसीमिया, रक्तस्त्रावी एनीमिया और क्रोनिक डिजीज से संबंधित एनीमिया शामिल है।
एनीमिया के लक्षण
एनीमिया के कॉमन लक्षण में थकान, कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, त्वचा का पीला पड़ना, सांस लेने में कठिनाई, बालों का झड़ना और नाखूनों का कमजोर होना शामिल है।
